Chandigarh:
केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने तंज कसा कि चुनावी नतीजों से पहले ही कांग्रेस नेताओं की मंशा दिखनी शुरू हो गई है। वोटों के बदले नौकरी देने की पुरानी रिवायत को कांग्रेस के नेता अपनी उपलब्धि मान रहे हैं। अब जनता समझ चुकी है कि उन्हें वोटों के बदले नहीं, बल्कि मेरिट के आधार पर नौकरी चाहिए, जोकि भाजपा दे रही है। भाजपा ने घोषणा-पत्र में आगामी पांच सालों में 2 लाख नौकरियां देने का वादा किया है, जबकि कांग्रेस वोटों के बदले नौकरी देगी।
केंद्रीय मंत्री भाजपा के संकल्प-पत्र की लांचिग के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा ने दो लाख नौकरियां मिशन मेरिट के आधार देने का वादा किया है, जबकि कांग्रेस वोटों के हिसाब से नौकरियां बाटेंगी। कांग्रेस की असल कार्यशैली जनता के सामने एक्सपोज होनी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने अपनी पर्ची-खर्ची की रिवायत को आगे बढ़ाने का ढिंढोरा नतीजों से पहले ही पीटना शुरू कर दिया है। भाजपा पांच सालों में दो लाख नौकरियां देगी, उसका आधार मिशन मेरिट होगा,यानी पढ़े-लिखे युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरी मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले पांच सालों में भाजपा ने 1.45 लाख नौकरियां दी हैं, जबकि 25 हजार नौकरियों में कांग्रेस के भर्ती रोको गैंग ने अड़ंगा डाला हुआ है। तीसरी बार भाजपा की सरकार बनते ही सबसे पहले 25 हजार नौकरियों की भर्ती को पूरा किया जाएगा।
कांग्रेस कर रही केवल झूठी घोषणाएं : मनोहर लाल
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस केवल झूठी घोषणाएं कर रही है। भाजपा ने अपनी संकल्प पत्र में हर वर्ग का ध्यान रखा है। युवाओं को नौकरी व रोजगार देने के साथ महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह और 500 रुपये सिलेंडर देने का संकल्प लिया गया है। इसके साथ ही किसानों को समृद्ध बनाने के साथ ही बुजुर्गों का भी ख्याल रखा गया है। यही नहीं सरकार ने पिछड़ा वर्ग से लेकर अनुसूचित जाति वर्ग की भी चिंता की है। कांग्रेस केवल झूठी घोषणाओें के जरिये जनता को गुमराह कर रही है।
घोषणाओें को पूरा करने के लिए फंड जरूरी
मनोहर लाल ने कहा कि घोषणाओं को पूरा करने के लिए फंड की आवश्यकता होती है। हरियाणा आज भी कई चीजों में नंबर-वन पर है आगे भी रहेगा। हरियाणा में रिर्सोसिज (संसाधन) की कोई कमी नहीं है। कांग्रेस ने बिना रिसोर्सिज के झूठी घोषणाएं की हैं और फिर उन्हें हिमाचल, कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में पीछे हटना पड़ा। भाजपा जो करती है, वह फंड के अनुसार तय करती है। पंजाब पर लगातार कर्ज बढ़ रहा है और हालात यह, उनके पास कर्मचारियों को सेलरी देने के लिए भी पैसे नहीं हैं।
कांग्रेस 10 साल सत्ता से बाहर, बिना हिसाब-किताब की घोषणा
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस पिछले 10 सालों से सत्ता से बाहर है। इसलिए वह बिना हिसाब-किताब लगाए घोषणाएं कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, भाजपा पर आरोप लगाती है कि प्रदेश पर कर्जा बढ़ रहा है, लेकिन कांग्रेस को अनाप-शनाप घोषणाओं को पूरा करने के लिए 50 हजार करोड़ का कर्ज लेना पड़ेगा, जिससे प्रदेश की वित्तीय स्थिति बिगड़ेगी।
