Mohali:
ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक ऑफिसर एसोसिएशन (एआईपीएनबीओए) की मोहाली सर्किल इकाई द्वारा द्वितीय त्रिवार्षिक सम्मेलन 2026 का भव्य आयोजन मोहाली स्थित होटल बेस्ट वेस्टर्न प्लस में किया गया। सम्मेलन में देशभर से आए बैंक अधिकारियों, संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं बैंक प्रबंधन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एआईपीएनबीओए के महासचिव कॉम. दिलीप साहा, अध्यक्ष कॉम. कुशल गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष कॉम. जी. वेंकन्ना, चेयरमैन कॉम. कौशिक घोष, पंजाब नेशनल बैंक लुधियाना जोन के जोनल प्रबंधक रामानुज प्रसाद, मोहाली सर्किल प्रमुख बिस्वजीत बिस्वाल, वाइस प्रेसिडेंट रोहित कक्कड़, एजीएस लुधियाना जोन अजय अग्रवाल, ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी एवं मोहाली सर्कल सेक्रेटरी अमनदीप सिंह, नवनियुक्त मोहाली सर्कल प्रेसिडेंट विनोद दहल तथा एक्स मोहाली सर्कल प्रेसिडेंट संजीव दयोड़ा की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।
सम्मेलन के दौरान बैंक अधिकारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, कार्यस्थल की चुनौतियों, बैंकिंग क्षेत्र में बदलते परिवेश तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि बैंक अधिकारी देश की आर्थिक प्रगति और वित्तीय समावेशन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जोनल प्रबंधक रामानुज प्रसाद ने कहा, “पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारी अपनी प्रतिबद्धता, मेहनत और ग्राहक सेवा के माध्यम से बैंक की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। बैंक प्रबंधन और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय से संस्थान नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।”
एआईपीएनबीओए के महासचिव कॉम. दिलीप साहा ने अपने संबोधन में कहा कि, “संगठन हमेशा बैंक अधिकारियों के अधिकारों, सम्मान और पेशेवर विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। बदलते बैंकिंग परिदृश्य में अधिकारियों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।”
एआईपीएनबीओए के ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी एवं मोहाली सर्कल सेक्रेटरी अमनदीप सिंह ने कहा कि संगठन भविष्य में भी अधिकारियों के हितों की रक्षा करते हुए बैंकिंग सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्य करता रहेगा। सम्मेलन का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण और संगठन की एकता एवं मजबूती के संकल्प के साथ हुआ।
















